केवल मीटर लगाकर बिजली बिल भेजने का है आरोप
पंचायत भवन को नहीं दिया गया है विद्युत आपूर्ति का कनेक्शन,
-ट्रांसफॉर्मर भी नहीं होने लगा होने का प्रधान ने लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
खेसरहा। फरीदाबाद में बने पंचायत भवन का बिजली बिल बिजली निगम की ओर से बिल भेजा जा रहा है, जबकि अभी तक वहां कनेक्शन ही नहीं जोड़ा गया है। विभाग की ओर से केवल मीटर लगा दिया गया है लेकिन ट्रांसफॉर्मर सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं है। ग्राम प्रधान ने आरोप लगाते हुए कहा कि फरीदाबाद गांव में वर्ष 2022 में पंचायत भवन का निर्माण किया गया था। आबादी से थोड़ी दूर होने की वजह से यहां कोई एलटी लाइन नहीं है, जिससे अभी तक भवन का विद्युत कनेक्शन नहीं हुआ है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मो. इदरीश ने विद्युत केंद्र खेसरहा में तैनात जेई से मिलकर पंचायत भवन पर ट्रांसफार्मर लगवाने व कनेक्शन लेने के लिए कई बार सूचना दी। अभी तक वहां न तो ट्रांसफार्मर लगा और न ही कनेक्शन जोड़ा गया।
प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि बिना किसी कनेक्शन के विद्युत विभाग द्वारा अवैध तरीके से पंचायत भवन के निर्माण वर्ष से ही निरंतर बिजली बिल भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि ब्लॉक अधिकारियों के निर्देश पर पिछले वर्ष ग्राम पंचायत निधि से 10 हजार रुपये विद्युत विभाग में जमा कराया गया था। अभी भी 22,883 रुपए बकाया है। इस संबंध में विद्युत निगम बांसी के अधिशासी अभियंता एसपी गौतम ने बताया कि इस प्रकरण पर खेसरहा जेई से बात हुई। उन्होंने बताया कि कनेक्शन जोड़ा गया है।