सिद्धार्थनगर। बिजली आपूर्ति के लिए बांसी नगर के अकबर नगर वार्ड में लगे जर्जर तार के लगातार टूटने से जहां लोग भयभीत हैं। वहीं, तार टूटने के बाद लोगों को इस भीषण गर्मी में रतजगा करना पड़ रहा है।
अकबर नगर वार्ड में डॉक्टर आब्दी चौराहे से माघ मेला मैदान के निकट बांध पर लगे ट्रांसफार्मर तक दो सौ मीटर में घनी आबादी वाले क्षेत्र में एक ही पोल पर एचटी व एलटी लाइन के तार लगे हुए हैं। ऐसे में एलटी तार काफी नीचे और जर्जर है। हालत यह है की इस बीच पंद्रह दिन के भीतर तार चार बार टूटकर गिर चुका है। गनीमत है कि इसकी चपेट में कोई नहीं आया। तार के बार-बार टूटकर गिरने की घटना से आसपास के लोग काफी भयभीत हैं। यही नहीं तार टूटने के बाद छह से आठ घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। बृहस्पतिवार की रात दो बजे यह तार टूटकर गिर गया। इसके बाद बिजली आपूर्ति बंद हुई जो शुक्रवार की सुबह साढ़े आठ बजे चालू हुई। ऐसे में लोगों रात जागकर बितानी पड़ी। अभी कुछ दिन पूर्व शांति समिति की बांसी कोतवाली में हुई बैठक में ताजियादार इब्राहिम व सभासद शमा आरा ने इस समाधान के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। इससे पूर्व भी कई बार पूर्व सभासद मो. इरफान ने विभाग के जिम्मेदार अभियंताओं को प्रार्थना पत्र दिया। लेकिन विभाग ने कोई ध्यान नहीं दिया। मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन से इस जर्जर तार को बदले की मांग किया है।