तीन लाख से अधिक आबादी हुई गर्मी से बेहाल
शहर सहित पांच फीडर से बिजली रही प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। पांच फीडराें की बिजली कटने के कारण सोमवार को तीन लाख उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित रही। शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं की दिनचर्या प्रभावित रही। सुबह आठ से तीन घंटे बिजली कटी तो शहरवासी उमस व गर्मी से बिलबिला उठे। आनंद नगर ट्रांसमिशन में नई लाइन पर काम होने से शहर सहित पांच फीडरों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे शहर से लेकर गांव तक सभी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहर में सुबह आठ बजे लाइट कटी तो 11 बजे आई। लोगों ने बताया कि लाइट कटने से नहाने के लिए पानी नहीं मिला। वहीं, लाइट कट गई तो पीने के पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा। आनंद नगर से नई लाइन पर काम होने की वजह से शहर सहित जिले के पांच फीडर बंद रहे।
इसमें नौगढ़, शोहरतगढ़ तहसील, शोहरतगढ़ ग्रामीण, माधव गोविंद फीडर की लाइट पूरे तीन घंटे प्रभावित रही। इससे आम लोगों को सबसे अधिक परेशान होना पड़ा। ऐसे में बिना सूचना के बिजली काटने पर लोगों ने नाराजगी जताई और बिजली निगम को कोसते रहे।
आजाद नगर के शाहरुख ने बताया कि सुबह ऑफिस जाना था सोकर उठे तो लाइट ही नहीं थी। थोड़ी देर इंतजार करके बिजली निगम में फोन लगाए तो पता चला आज भी काम हो रहा। इससे अभी लाइट नहीं मिल पाएगी। पानी न होने से नहाए बिना ही ऑफिस जाना पड़ा। बिजली गुल रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पीने के लिए नहीं मिला पानी
सबसे ज्यादा लोगों को पीने के पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। सुबह का समय होने की वजह से अधिकांश घरों में पानी की टंकी खाली हो गई। बूंद-बूंद पानी के लिए लोग परेशान रहे। बिना बिजली के लोगों के घरेलू कामकाज भी प्रभावित रहे। 11 बजे बिजली आई, तब जाकर लोगों की दिनचर्या पटरी पर लौट सकी।
कोट
रात में देर तक काम होने से लेट से सोकर उठने की आदत है। सुबह आठ बजे सोकर उठे तो पता चला लाइट ही नहीं है। पानी टंकी भी खाली हो गई थी।
-राजेश गुप्ता, उपभोक्ता
एक दिन पहले सूचना देने के बाद दो घंटे अधिक बिजली बाधित रही। सोमवार को सूचना के बिना ही सुबह आठ बजे से बिजली बाधित रही। इससे परेशानियों का सामना करना पड़ा।
-दीपक दूबे, उपभोक्ता
वर्जन
आनंदनगर से आने वाली ट्रांसमिशन लाइन में काम होने की वजह से सुबह आठ से 11 बजे तक बिजली बाधित रही। कार्य पूरा होने के बाद बिजली बहाल कर दी गई।
- आरके कुशवाहा, अधिशासी अभियंता