सिद्धार्थनगर। इटवा थाना क्षेत्र के गनवरिया पूरब गांव में शनिवार सुबह करंट की चपेट में आने से बुआ और भतीजे की मौत हो गई। घर में लगे टुल्लू पंप में करंट प्रवाहित हो रहा था। आठ वर्षीय भतीजा टुल्लू पंप के संपर्क में आ गया। उसे बचाते समय बुआ भी चपेट में आ गई और दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के गनवरिया पूरब गांव निवासी मंजीत के घर में जलापूर्ति के लिए टूल्लू पंप लगा है। टुल्लू पंप हैंडपंप से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि सुबह उसका आठ वर्षीय पुत्र आरूष घर में लगे हैंडपंप से पानी लेने गया था। अभी वह पानी निकालने के लिए हैंडपंप का हैंडल पकड़ा ही था कि पहले से हैंडपंप में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गया। भतीजे को बचाने आई उसकी बुआ ममता (25) पत्नी संतोष निवासी मैनभरिया भी करंट की चपेट में आ गई। चीख सुनकर जबतक परिवार के लोग मौके पर पहुंचकर आपूर्ति बंद करते, दोनों की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाल इटवा पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नगर पंचायत इटवा के चेयरमैन विकास जायसवाल ने भी मौके पर पहुंचकर घर वालों को ढांढस बंधाया। इस संबंध में एसओ इटवा संतोष कुमार तिवारी ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले की जांच की जा रही है।