दशहरा आज : बुराइयों के प्रतीक रावण का जगह-जगह जलेगा पुतला
सिद्धार्थनगर। दशहरा पर्व पर उसका बाजार समेत विभिन्न स्थानों पर बुराइयों एवं अन्याय के प्रतीक रावण का पुतला दहन होगा। देवी मूर्तियों के विसर्जन के दौरान शहर समेत कई जगहों पर मेला लगेगा।
शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित मूर्तियों का बुधवार को विसर्जन किया जाएगा। दोपहर बाद विसर्जन जुलूस निकाला जाएगा। शहर भ्रमण के बाद मूर्तियों को जमुआर नदी के नौगढ़ पुल पर विसर्जित किया जाएगा। उसका बाजार में बुधवार को रावण दहन होगा। एसडीएम नौगढ़ प्रदीप कुमार यादव ने तैयारी का जायजा लिया। उनके साथ नायब तहसीलदार बिंद्रेश कुमार गुप्ता, लेखपाल रामकरन गुप्ता व अशोक गुप्ता मौजूद रहे।
एसपी अमित कुमार आनंद व सीओ अखिलेश वर्मा ने भी उसका बाजार में दशहरा मेला स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। मेला स्थल के पास से गुजरने वाली रेल लाइन के किनारे बैरिकेडिंग का भी निरीक्षण किया।
बांसी प्रतिनिधि के अनुसार नगरपालिका अध्यक्ष मो. इद्रीश पटवारी ने मंगलवार को बैठक कर दुर्गा पूजा व दशहरा पर्व को देखते हुए बुधवार को पूरे नगर की साफ-सफाई व पथ प्रकाश की व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में वरिष्ठ लिपिक रविशंकर गुप्ता, गिरीश पांडेय, राजकुमार पांडेय, राम चरन यादव, राजेश वर्मा उपस्थित थे।
रावण वध के साथ मेले का होगा समापन
उसका बाजार। उसका बाजार में लगने वाले मेले में राम वन गमन, सीता हरण, बालि वध और राम-सुग्रीव मित्रता के मंचन के बाद बुधवार को रावण वध देखने की लोगों ने उत्सुकता है। रावण का वध होने के साथ ही मेले का समापन हो जाएगा। यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच मेले का आनंद उठाते हैं। कस्बे के उसका राजा में स्थित रामलीला बाग में दशहरे के दिन बुधवार को विशाल मेले में दुकान लगाने के एवज में किसी भी प्रकार की वसूली नहीं होगी। मेला प्रबंधन व्यापारियों को दुकान लगाने के लिए निशुल्क स्थान उपलब्ध करा रहा है। यह जानकारी मेला आयोजन के प्रबंधक महंत लालबहादुर दास ने दी है। उन्होंने कहा कि यदि कोई किसी प्रकार से वसूली करता है तो उन्हें इसकी सूचना तत्काल दें।