सिद्धार्थनगर। गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं। सोमवार की रात से हो रही बारिश से बिजली कटौती बढ़ गई है, जिससे लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। शहर से लेकर गांव तक बिजली आपूर्ति ठप हो रही है। बार-बार बिजली कटौती से लोगों को बारिश में भी समस्या हो रही है।
बारिश में दिन-रात कटौती की समस्या बढ़ गई है सरोजनी नगर में पूरी रात बिजली आंख मिचौली करती रही, तो वही आजाद नगर में दिन में बिजली कटौती से ऑफिसों में रखे इनवर्टर बंद हो गए। जिससे पूरे दिन काम प्रभावित हुआ, लोग पूरा दिन बिजली विभाग को कोसते रहे। रेहरा फीडर से जुड़े मुहल्ले इंदरानगर में लोकल फॉल्ट की समस्या बढ़ गई है, जिससे बार-बार बिजली कटौती होती रहती है। लोगों का कहना है यहां गांव से भी कम बिजली मिल रही है।
लोटन क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति का खराब हाल है। यहां बिजली आने का कोई समय निर्धारित नहीं है। मंगलवार की सुबह बिजली कटी तो काफी देर बाद बिजली की आपूर्ति बाधित हुई। रुक-रुक कर बिजली कटौती होती रहती है, जिससे 18 घंटे बिजली आपूर्ति के आदेशों के बाद भी लोटन क्षेत्रवासियों को कुल मिलाकर दस से बारह घंटे ही विद्युत आपूर्ति मिल पा रही है।
डुमरियागंज कस्बे की विद्युत आपूर्ति सुबह ही बंद हो गई थी। हल्की बारिश होते ही बिजली कट गई, उसके बाद सुबह आठ बजे बिजली आई। दिन में भी कई बार विद्युत आपूर्ति के बार-बार कटौती होती रही। लोगों को शेड्यूल के अनुसार बिजली नहीं मिल रही है। जो बिजली मिलती है, उसमें भी बार-बार कटौती होती रहती है।
बारिश में लोकल फाॅल्ट की समस्या आ रही है। जानकारी होने पर लाइनमैन को भेजकर तत्काल सही कराया जा रहा है।
-एसके पासवन, अधिशासी अभियंता
खेसरहा में 10 घंटे भी नहीं मिल पा रही बिजली
सिद्धार्थनगर। खेसरहा क्षेत्र में बिजली कटौती लोगों पर भारी पड़ने लगा है, दिन रात उमस भरी गर्मी के बीच बार-बार बिजली कटने से लोग परेशान हो गए है। विद्युत उपकेंद्र मरवटिया बाजार से होने वाली बिजली की सप्लाई का कोई रोस्टर नहीं है। बार-बार कटौती के साथ मुश्किल से 10 घंटे बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। सुरेंद्र पांडेय का कहना है कि बिजली कटौती और फाल्ट को लेकर इस क्षेत्र में बड़ी समस्या है। अधिशासी अभियंता आरके चौधरी ने कहा कि विद्युत कटौती ट्रांसमिशन विभाग से किया जा रहा है। हमारे यहां बिजली उपलब्ध होने पर आपूर्ति की जाती है।