कार्यालय से दस्तावेज गायब होने का आरोप
- डीएम ने एडीएम को सौंपी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। शहर के विस्तारित क्षेत्र में शामिल पिपरा पांडेय मोहल्ले का परिवार रजिस्टर संबंधी दस्तावेज नगर पालिका कार्यालय से गायब होने का आरोप एक आवेदक ने लगाया है।
आरोप है कि दो माह पूर्व उसने परिवार रजिस्टर की नकल के लिए आवेदन किया था, लेकिन कई बार दौड़ाने के बाद उसे बताया गया कि दस्तावेज नहीं मिल सकता। शिकायत मिलने पर डीएम संजीव रंजन ने एडीएम उमाशंकर को मामले की जांच सौंपी है।
त्रिलोकपुर गांव निवासी चंद्रभान मिश्र ने बताया कि उसने 10 मई 2022 को नगर पालिका सिद्धार्थनगर कार्यालय में पिपरा पांडेय निवासी एक व्यक्ति के परिवार रजिस्टर के नकल के लिए आवेदन किया गया था। कई बार कार्यालय का चक्कर लगाया, लेकिन नकल नहीं मिली।
आरोप है कि नगर पालिका कर्मियों ने विपक्षियों के मिलीभगत से परिवार रजिस्टर की नकल गायब कर दी है और मामले को छिपाने के लिए गुमराह किया जा रहा है।
डीएम को दिए शिकायती पत्र में परिवार रजिस्टर गायब करने वाले कर्मियों के विरूद्ध केस दर्ज कराने समेत कार्रवाई किए जाने की मांग की है। शिकायत के बाद डीएम संजीव रंजन ने मामले की जांच एडीएम उमाशंकर को सौंप दी।
----------------
ईओ ने दी पुलिस को तहरीर
नगर पालिका ईओ मुकेश कुमार चौधरी ने शहर के पिपरा पांडेय मोहल्ले के परिवार रजिस्टर गायब होने के संबंध में पुलिस को तहरीर देकर मामले में दोषी लोगों के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है।