- करीब एक महीने पहले लापरवाही के आरोप में फार्मासिस्ट के निलंबन के बाद से इलाज को भटक रहे थे मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
तुलसियापुर।
इटवा ब्लॉक के कठेला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर करीब दो साल बाद डॉक्टर की तैनाती की गई है। हालांकि यह तैनाती अस्थायी है पर इससे आसपास के करीब दर्जन भर गांवों के हजारों लोगों को काफी राहत मिली है। बृहस्पतिवार को डॉक्टर ने कार्यभार भी ग्रहण कर लिया।
मालूम हो कि कठेला पीएचसी पर जिस डॉक्टर की स्थायी तैनाती हुई है वह अपनी पढ़ाई के सिलसिले में करीब दो साल से छुट्टी पर हैं। उनकी गैरमौजूदगी में फार्मासिस्ट के जिम्मे ही हजारों लोगों के इलाज का जिम्मा था, लेकिन 23 जून को लापरवाही के आरोप में फार्मासिस्ट को भी निलंबित कर दिया गया। तब से यहां कोई चिकित्साकर्मी तैनात नहीं था। इससे क्षेत्रीय लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। लोग झोलाछाप डॉक्टरों के यहां इलाज कराने को मजबूर थे।
परेशान लोगों ने विधायक, डीएम, सीएमओ से अस्पताल पर चिकित्सक व अन्य आवश्यक स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती करने की मांग की थी। इस पर सीएमओ के निर्देश पर चिचिकित्साधिकारी इटवा ने सीएचसी इटवा में तैनात आयुष चिकित्सक डॉ. सिद्धार्थ को बृहस्पतिवार को पीएचसी इटवा में अस्थायी रूप से तैनात कर दिया। डॉ. सिद्धार्थ ने कार्यभार भी ग्रहण कर लिया है। डॉक्टर की तैनाती से इटवा ब्लॉक के कठेला चौराहे के आसपास के कठेला गर्वी, कठेला शर्की, बन्दुआरी, सिसवा, परसा देवाइचपार आदि गांवों के हजारों लोगों के काफी राहत मिली है।
ग्रामीण बोले
कठेला बड़ा बाजार है। लोगों की आवाजाही भी यहां अधिक है। इसे ध्यान में रखते हुए चिकित्सा विभाग ने कठेला में पीएचसी की स्थापना की। लेकिन, कभी भी यह अस्पताल दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं दे सका। यहां स्थायी चिकित्सक के साथ ही सभी रिक्त पदों पर कर्मचारियों की तैनाती की जानी चाहिए।
रामलखन, ग्रामीण, कठेला
कठेला पीएचसी में आठ किमी की परिधि के गांवों के मरीज इलाज कराने आते हैं। चिकित्सक की तैनाती न होने के बावजूद यहां 50 मरीज रोज आते थे, जिन्हें फार्मासिस्ट दवाएं देते थे। अब डॉक्टर के नियमित रूप से बैठने पर निश्चित ही मरीजों की संख्या बढ़ेगी और उन्हें बेहतर इलाज मिल सकेगा।
दिलीप गुप्ता, ग्रामीण, कठेला
क्या बाले अधिकारी
अस्पताल में फिलहाल अस्थायी तौर पर आयुष चिकित्सक की तैनाती कर दी गई है। स्थायी डॉक्टर और फार्मासिस्ट की तैनाती जल्द ही कर दी जाएगी।
आरके चौरसिया, सीएमओ,