सिद्धार्थनगर। नगर निकाय चुनाव में आप मतदाता हैं तो मतदान अवश्य करें, क्योंकि अधिक मतदान से ही योग्य प्रत्याशियों के चुने जाने का रास्ता साफ होगा। मतदान के प्रति ऐसी दिलचस्पी होनी चाहिए कि पिछली बार के चुनाव के मतदान प्रतिशत का रिकॉर्ड टूट जाए। मतदान के प्रतिशत में वृद्धि के लिए बूथों पर बेहतर इंतजाम किए गए हैं।
वर्ष 2017 में हुए नगर निकाय चुनाव में 64.59 प्रतिशत मतदान हुआ था। तब जिले में दो नगर पालिका परिषद सहित छह निकायें थीं, लेकिन इस बार सृजित हुई पांच नगर निकायों में पहली बार मतदान हो रहा है। पुरानी नगर निकायों में मतदाता विकास के लिए मतदान के प्रति उत्साहित हैं, जबकि नई निकायों में मतदाताओं में शहरी होने का भी उत्साह है। नगर पंचायत इटवा, भारतभारी, बिस्कोहर, कपिलवस्तु, बढ़नीचाफा के मतदाता नगर निकाय के चुनाव में पहली बार मतदान करेंगे, उनमें विकास चाहत अधिक है।
जिला प्रशासन ने बूथों पर छांव और पानी का बेहतर इंतजाम किया है ताकि गर्मी में मतदाताओं को असुविधा न हो। बैरिकेडिंग के साथ टेंट भी लगाए जा रहे हैं। प्राथमिक विद्यालयों में दिव्यांग मतदाताओं के रैंप व अस्थायी शौचालय भी बनाए गए हैं। पिंक बूथों की सजावट की गई, इसमें सेल्फी प्वाइंट पर लोग वोट करने के बाद अंगुली दिखाते हुए फोटो सेल्फी लेकर शेयर भी करेंगे।
-
मतदान केंद्रों पर बेहतर व्यवस्था की गई है। मतदाताओं को चाहिए कि उत्साह पूर्वक मतदान करें ताकि पिछला रिकॉर्ड टूट जाए। मौसम को देखते हुए लोग सुबह मतदान कर लें तो बेहतर होगा। मतदाताओं की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
संजीव रंजन, जिलाधिकारी
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया है। नगर निकाय के मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान करना चाहिए। अधिक मतदान होगा तो अच्छे प्रत्याशियों के चयन की संभावना बढ़ जाती है। किसी को असुविधा हो तो पुलिस से शिकायत करें।
- अमित कुमार आनंद, पुलिस अधीक्षक