ओटी के उद्घाटन के बाद पैदा पहले बच्चे की खुशी में केक काटते डीएम संजीव रंजन। संवाद
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
ओटी में हुआ पहला प्रसव, डीएम ने काटा केक
इटवा। सीएचसी इटवा में शनिवार को ऑपरेशन थियेटर में पहला प्रसव हुआ। डीएम संजीव रंजन ने केक काटकर जच्चा-बच्चा को शुभकामनाएं दीं। डीएम ने ओटी में मौजूद महिलाओं से उनका हालचाल पूछा और संबंधित कर्मी को जन्म प्रमाण पत्र अविलंब देने के निर्देश दिए। जच्चा से उन्होंने अस्पताल से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
डीएम ने कहा कि स्थानीय स्तर पर प्रसव की सुविधा होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। सिजेरियन डिलीवरी के अलावा अन्य प्रकार की सर्जरी भी यहां होगी। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप द्विवेदी ने कहा कि अब डिलीवरी के लिए महिलाओं को कहीं अन्यत्र जाने की जरूरत नहीं है। अब उन्हें सभी सुविधाएं यहां मिल जाएंगी। सर्जरी से डिलीवरी की सूचना पर जिले से चिकित्सकों की टीम यहां आकर अपनी सेवाएं देगी। सीएचसी इटवा में प्रारंभ हुए प्रथम रेफरल यूनिट में पहली बार जिले से आए डॉ. उजेर अतहर व उनकी टीम के सहयोग से शनिवार को तीन गर्भवतियों का सफल ऑपरेशन हुआ। एक गर्भवती को जुड़वा बच्चे हुए।
इस दौरान सीएमओ पीके अग्रवाल, एसडीएम इटवा विकास कश्यप, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप द्विवेदी, तहसीलदार धर्मवीर भारती सहित अन्य चिकित्सक, अनिल यादव, सुरेश मिश्र, अमित मिश्र, डॉ. राय आदि मौजूद रहे।