महराजगंज। प्राथमिक विद्यालय खालिक गढ़ में मध्याह्न भोजन न बनवाने के मामले में जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान गायत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। ग्राम प्रधान को निर्देशित किया गया है कि एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण का जवाब साक्ष्यों सहित जिला पंचायत राज के माध्यम उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। संतोष जनक जवाब नहीं न पाए जाने पर ग्राम प्रधान के विरुद्ध उप्र पंचायत राज अधिनियम 1947 यथा संशोधित धारा 95 (1) (छ) के अन्तर्गत आपके वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार अतिक्रमित करते हुए तीन सदस्यीय समिति का गठन कर दिया जाएगा। डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में निपुण भारत सहित बेसिक शिक्षा विभाग की बिन्दुवार समीक्षा की गई।समीक्षा के दौरान खण्ड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीपुर द्वारा अवगत कराया गया कि प्राथमिक विद्यालय खालिक गढ़ में 10 दिनों से मध्यान्ह भोजन का वितरण नहीं कराया जा रहा है।जबकि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कार्यक्रम में बच्चों को मध्यान्ह भोजन का वितरण मीनू के अनुसार कराया जाना अति आवश्यक है।ग्राम प्रधान द्वारा अपने दायित्वों का सुचारू रुप से निर्वहन नहीं किया जा रहा है। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कार्यक्रम में लापरवाही बरती जा रही है।