लोहिया कला भवन में जिला विकास समन्वय निगरानी समिति (दिशा) की बैठक
बैठक में धान क्रय केंद्र बनाने में अनियमितता और खाद की कमी का उठा मुद्दा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिला विकास समन्वय निगरानी समिति (दिशा) की लोहिया कलाभवन में बैठक हुई। इसमें सांसद जगदंबिका पाल ने आउटसोर्सिंग भर्तियों में लेनदेन का आरोप लगाते हुए जांचकर कंपनियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए कहा। साथ ही जनपद में काम करने वाली आउटसोर्सिंग कंपनियों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने धान क्रय केंद्र बनाने में अनियमितता की जांच करने के लिण् कहा और खाद की अनुपलब्धता पर नाराजगी जताई। बैठक शुरू होते ही सांसद ने अनुपस्थित अधिकारियों का शो-काॅज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनएच-28 पर ककरहवा से रुधौली तक खराब सड़क की जांच सीडीओ से कराकर सही कराने के निर्देश दिए। सांसद ने जिलाधिकारी को उपजिलाधिकारी डुमरियागंज के माध्यम से नगर पंचायत डुमरियागंज की जांच कराने के निर्देश दिए।
शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने डूडा पीओ पर जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव नहीं लेने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जाहिर की। साथ ही उन्होंने जिला उद्योग अधिकारी से कहा कि जो उद्योग स्थापित हैं उनकी समस्याओं का मौके पर जाकर निदान कराएं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही सभी राजकीय विद्यालयों की चहारदीवारी बनवाने के निर्देश दिए।
विधायक सैयदा ने मंडी समिति सहियापुर में गंदगी की शिकायत की। बैठक में 44 बिंदुओं की समीक्षा की गयी। इस दौरान विधायक विनय वर्मा, डीएम पवन अग्रवाल, सीडीओ जयेंद्र कुमार, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, डीसी मनरेगा रवि शंकर पांडेय, एएसपी सिद्धार्थ, डीएफओ पुष्प कुमार, डीडीओ गोपाल प्रसाद कुशवाहा व भाजपा नेता उपेंद्र सिंह मौजूद रहे।