शिक्षक नेता के साथ हुए मारपीट के मामले की जांच को लेकर बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक सोमारु प्रधान जीएबी इंटर कॉलेज बढनी पहुंचे। घटना के संदर्भ में प्रबंधक व प्रधानाचार्य से जानकारी ली। स्कूल के दो लिपिकों पर लगे आरोप की गंभीरता से जांच करने के साथ शिक्षकों से पठन-पाठन सुचारू करने की बात कही। जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रबंधक आरपी शाह व प्रधानाचार्य विजय कुमार वर्मा से घटना के संदर्भ में पूरी जानकारी ली। साथ ही घटना कीसाजिश के आरोप में दोनों लिपिकों से भी बातचीत की। जांच प्रक्रिया के दौरान प्रबंधक व प्रधानाचार्य ने बताया कि घटना नेपाल की है, जिसके कई कारण सामने आ रहे हैं। आरोपित लिपिको के बयान भी लिए गए। दोनों ने घटना के दौरान बाहर होने की बात कही। पीड़ित शिक्षक से मुलाकात न होने से उनका पक्ष नहीं जाना जा सका। जिला विद्यालय निरीक्षक सोमारु प्रधान ने कहा कि बिना किसी अधिकारी के संस्तुति के किसी शिक्षक का नेपाल में निवास करना नियम विरुद्ध है।