इटवा के कटेश्वरनाथ स्थित शिव मंदिर पर जलाभिषेक करते श्रद्धालु।
सिद्धार्थनगर। सावन के पांचवें सोमवार को श्रद्धालुओं ने शिवालयों में भगवान शिव का जलाभिषेक किया। शिवालयों में जलाभिषेक के लिए सुबह से ही भारी भीड़ लगी रही जो देर तक चलती रही। मंदिरों में सूर्योदय से सूर्यास्त के बाद तक हर हर महादेव गूंजता रहा। भक्तों ने रूद्राभिषेक व अन्य अनुष्ठान करके मंगल कामना की।
शोहरतगढ़ नगर पंचायत के डोई शिवमंदिर, भारत माता चौक, गंगेश्वर महादेव, शिवबाबा, श्रीराम जानकी मंदिर के शिवालयों में श्रद्धालुओं ने हर हर महादेव जयघोष के साथ जलाभिषेक किया। डोई नदी किनारे स्थित शिवमंदिर व भारत माता चौक पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल व मंदिर कमेटी के लोगों ने हलुवा चना पूरी प्रसाद वितरण किया।
कांवड़ यात्रा निकाल किया जलाभिषेक
डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के हल्लौर और देईंपार, भानपुररानी, बयारा, बैदौलाए डुमरियागंज स्थित शिव मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों और शिवालयों में जलाभिषेक के लिए शिव भक्तों का जमावड़ा लगा रहा। शिव मंदिरों और शिवालयों में सुबह सवेरे से ही कांवड़ियों का जत्था पहुंचने लगा था।
इटवा के कटेश्वरनाथ स्थित शिव मंदिर पर जलाभिषेक करते श्रद्धालु।