शाहपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत पहली और दूसरी किस्त का धन लेने वाले पात्रों ने अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं करवाया है। जिसकी पुष्टि होने पर जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) विभाग सख्त हो गया है। एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं करवाए जाने पर ऐसे लोगों के खिलाफ करवाई की चेतावनी दी है।
हर गरीब को पक्का घर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पत्रों का चयन कर उन्हें तीन किस्त में ढाई लाख रुपये घर बनाने के लिए दे रही है। डुमरियागंज और भारत भारी नगर पंचायत में करीब 70 ऐसे पात्र हैं, जो पहली और दूसरी किस्त का धन लेने के बावजूद अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं करवा पाए हैं। ऐसे पत्रों की जांच करवाकर विभाग ने उनका नाम नगर पंचायत कार्यालय में चस्पा करवा दिया है। चिन्हित लाभार्थी यदि एक सप्ताह में निर्माण आरंभ नहीं करवाएंगे तो उनके खिलाफ विभाग सख्त कार्रवाई करेगा। डुमरियागंज नगर पंचायत में 51 और भारत भारी नगर पंचायत में 19 ऐसे लाभार्थी है, जो निर्माण कार्य आरंभ नहीं करवाए हैं।
डुमरियागंज में 51 और भारत भारी में 19 लाभार्थी प्रधानमंत्री आवास योजना का प्रथम और दूसरी किस्त पाने के बाद भी निर्माण कार्य नहीं करवा रहे हैं। अगर यह एक सप्ताह के भीतर निर्माण नहीं करवाएंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई करवाई जाएगी।
-सुनीता सिंह, परियोजना अधिकारी, डूडा