मरवटिया बाजार के लोगों ने जताई नाराजगी, मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
खेसरहा। खेसरहा क्षेत्र के मरवटिया बाजार के लोगों ने शुक्रवार को सड़क निर्माण कराने के लिए रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि पीएमजीएसवाई में चयनित सेमरा मुस्तकाम से बेलौहा बाजार तक 8.5 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए धनराशि जारी होने के बाद भी निर्माण नहीं हो रहा है। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार बांसी बिंद्रेश गुप्ता को लोगों ने ज्ञापन देकर सड़क बनवाने की मांग की है।
शुक्रवार को मरवटिया बाजार के चौराहे पर लोगों ने सड़क पर ट्रैक्टर ट्राली व कार खड़ा कर रास्ता को जाम करके सड़क को बनाने को लेकर प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय लोगों का कहना था कि खेसरहा क्षेत्र में बांसी- धानी पर स्थित सेमरा -मुस्तकम से मरवटिया बाजार होते हुए बेलौहा तक सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। इस मार्ग से 40 से अधिक गांव के लोगों का आवागमन ब्लॉक मुख्यालय सहित संत कबीर नगर जिले के लिए प्रतिदिन होता है। यह सड़क 30 वर्ष पूर्व लोगों के सुविधा के लिए बनाई गई थी।
2019 में पीडब्ल्यूडी विभाग ने मरम्मत का कार्य कराया था, लेकिन मरवटिया नहर के पुलिया से लेकर हरैया गांव तक मरम्मत नहीं कराया गया था। विभाग का कहना था कि मरवटिया चौराहे से हरैया पुलिया तक आरसीसी सड़क बनाई जाएगी। लोगों ने वर्षों तक इंतजार भी किया, मगर चौराहे की सड़क नहीं बनाई गई। अब यह सड़क 2022 में सेमरा- मुस्तहकम से मरवटिया बाजार होते हुए बेलौहा तक 8.5 किलोमीटर की सड़क प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क के तहत चयनित हो गई है। इस सड़क के निर्माण के लिए 7.43 करोड रुपए खर्च होने हैं। टेंडर होने के दो वर्ष बाद भी निर्माण नहीं होने से लोगों के नाराजगी व्याप्त है। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से लोग चोटिल हो रहे हैं । हल्की बारिश में सड़क पर कीचड़ भरा जाता है । सूखे मौसम में आने-जाने पर धूल उड़ाने के कारण राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
इसी सड़क से 40 से अधिक गांव के लोग ब्लॉक तहसील व जिला मुख्यालय तक आवागमन करते हैं। सड़क खराब होने से राजगीरों को परेशानी हो रही है।
संजय वर्मा
कई वर्षों से गड्ढे में तब्दील सड़क को पीएमजीएसवाई में चयन होने से दुरुस्त होने की उम्मीद जगी थी। लेकिन सड़क नहीं बनाए जाने से लोगों में नाराजगी व्याप्त है।
-रमेश चंद्र पांडेय
आठ किलोमीटर सड़क पर गड्ढों की भरमार है। वाहन तो दूर, पैदल चलने लायक नहीं है। निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद भी कार्य नहीं होने से लोग मायूस हैं।
-गोलू पांडेय
इस मार्ग पर चार इंटरमीडिएट कॉलेज स्थित हैं। प्रतिदिन इसी मार्ग से सैकड़ों की संख्या में छात्र एवं छात्राओं का आवागमन होता है। आए दिन कई बच्चे गिर कर चोटिल हो चुके हैं। मार्ग पर बड़ा वाहन आने से रास्ता बदलना मुश्किल हो जाता है।
हेमंत मोदनवाल
वर्जन
इस मार्ग पर तत्काल सुविधा के लिए कीचड़ में राबिस गिराने के लिए स्थानीय भट्ठा मालिकों से कहा गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-बिंद्रेश गुप्ता, नायब तहसीलदार बांसी