बांसी। कोतवाली रोड के व्यापारियों ने 50 शैय्या युक्त संयुक्त चिकित्सालय में आने वाले मरीजों की दिक्कत को देखते हुए विधायक जय प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अस्पताल का दक्षिणी गेट खोलने की मांग की है। दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि 50 बेड हॉस्पिटल का मुख्य प्रवेश द्वार कोतवाली गेट की तरफ है जबकि एक छोटा गेट दक्षिण तरफ कोतवाली रोड की तरफ भी बनाया गया है। कोतवाली रोड और कोतवाली तिराहे पर अक्सर जाम लगने से मरीजों को अस्पताल परिसर तक पहुंचने में काफी कठिनाई होती है और उन्हें काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अस्पताल के दक्षिण तरफ कोतवाली रोड से जो गेट लगा है उसे खोला जाना नितांत आवश्यक है, जिससे मरीजों को समय से अस्पताल पहुंचने में काफी सुविधा होगी। व्यापारियों ने इस गेट को खोले जाने की मांग की है। विधायक को ज्ञापन देने वालों में सरदार स्वर्ण सिंह, नरेश चंदवानी, हरीश चंदवानी, बाल गोविंद साहू सहित तमाम लोग मौजूद रहे।