बांसी। नगर पालिका परिषद बांसी के मनोनीत सदस्य और आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल ने एक प्रतिनिधि मंडल के साथ सोमवार को प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मिलकर माध्यमिक और उच्च शिक्षा से संबंधित ज्ञापन सौंपा है। राज्यपाल को अवगत कराया गया कि अदूरदर्शिता पूर्ण तरीके से सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की स्थापना जल्दबाजी में कर दी गई। विश्वविद्यालय तक पहुंचने और वापसी के लिए समुचित साधन न होने तथा डुमरियागंज इटवा दोनों तहसील से दूरी अधिक होने और किराया का खर्च अधिक होने के कारण अधिकांश बेटी-बेटों की शिक्षाओं पर असमय विराम लग जा रहा है। वर्तमान समय में सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में कुल छात्रों की संख्या लगभग 1800 है। यदि दिल्ली विश्वविद्यालय के तर्ज पर एक साउथ कैंपस का निर्माण बांसी या आसपास कर दिया जाए तो शिक्षार्थियों की संख्या में गुणात्मक वृद्धि होगी जो दस हजार तक हो सकती है। इसी के साथ एक ज्ञापन और बांसी कस्बे में किराए के तीन-चार कमरों में चल रहे राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के मुख्य भवन के जल्द निर्माण कराए जाने की भी मांग की गई। प्रतिनिधि मंडल में प्रेम नारायण पांडेय और महताब आलम शामिल थे।