नेताजी की आदमकद प्रतिमा लगाने की मांग
- श्री चित्रगुप्त सेवा समिति ने डीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी। शहर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क में उनकी आदमकद प्रतिमा लगाने की मांग श्री चित्रगुप्त सेवा समिति ने की है। समिति के सदस्यों ने नगर पालिका की तरफ से नेताजी की खंडित व छोटी प्रतिमा लगाने का विरोध करते हुए रविवार को जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा।
श्री चित्रगुप्त सेवा समिति के बैनर तले लोगों ने रविवार को निर्माणाधीन पार्क में पहुंचकर नाराजगी व्यक्त की। समिति के महामंत्री ऋषि श्रीवास्तव ने कहा कि कई माह से पार्क में स्थापित हो रहे नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। सबसे पहले नेताजी की डेढ़ फीट की प्रतिमा ही स्थापित करके अनावरण करने की योजना चल रही थी, इसी बीच सोशल मीडिया पर प्रतिमा के खंडित होने की सूचना प्राप्त हुई है।
समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पार्क में पहुंचकर प्रस्तावित अनावरण कार्यक्रम को निरस्त किए जाने की तथा दूसरी आदमकद की प्रतिमा स्थापित किये जाने की मांग की। इस दौरान संरक्षक शिवकुमार लाल श्रीवास्तव, आदर्श व्यापार मंडल बांसी के अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल, अंबिकेश श्रीवास्तव, रत्नेश श्रीवास्तव, अमित श्रीवास्तव, अभिषेक श्रीवास्तव, रत्नेश, राजन श्रीवास्तव, रूपेश मौजूद रहे।
वहीं, मो. इदरीश पटवारी ने आरोप को निराधार बताया, जबकि एसडीएम प्रमोद कुमार ने मौके का निरीक्षण किया।