त्रिलोकपुर। प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के बृहस्पतिवार देर रात इटवा कस्बे में प्रथम आगमन पर पूर्व शिक्षा मंत्री डाॅ. सतीश चंद्र द्विवेदी ने कस्बे में रोडवेज बस अड्डा बनाने के लिए मांगपत्र सौंपा। इसपर परिवहन मंत्री ने शीघ्र बस अड्डा बनाए जाने का आश्वासन दिया।
बृहस्पतिवार को दोपहर में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का बिस्कोहर में भाजपा के आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में भाग लेना था। लेकिन किसी कारणवश मंत्री के आने में देर होने से शाम पांच बजे तक कार्यक्रम का समापन करा दिया गया। देर शाम आए मंत्री ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत इटवा में स्थित पीडब्ल्यूडी डाक बंगले में उपस्थित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। अधिकारियों को सरकार की नीतियों को अवगत कराते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
इस मौके पर परिवहन मंत्री ने एक माह के अंदर बिस्कोहर में बस स्टेशन बनाने का कार्य शुरू कराने की बात कहीं। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष विकास जायसवाल, कृष्णा मिश्रा, रामकृपाल चौधरी, बलराम मिश्रा, प्रदीप कसौधन, अजय गुप्ता, अजय पांडेय, घनश्याम जायसवाल, सुनील जायसवाल आदि मौजूद रहे।