समाधान दिवस समाप्त होने के बाद डीएम सीधे बड़हरा गांव पहुंचे और समस्या से रूबरू हुए
सम्पूर्ण समाधान दिवस पर रमवापुर ऊर्फ नेबुआ के टोला बडाहरा के ग्रामीणों ने नदी कटान की समस्या के समाधान की डीएम से की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। तहसील सभागार में शनिवार को डीएम की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस पर बड़ी संख्या में आवेदक पहुंचे। ग्राम रमवापुर उर्फ नेबुआ के टोला बड़हरा के अखिलेश कुमार, विकास, प्रमिला, श्यामदुलारी, दिनेश, ओमप्रकाश, दुलारी सहित 160 महिला व पुरुष भी पहुंचे और डीएम से बताया कि उनका गांव राप्ती नदी की कटान से प्रभावित है, कटान मुख्य मार्ग के पुल तक पहुंच गया है। अगर रोकथाम ना की गई तो रास्ता नदी में विलीन हो जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए समाधान दिवस समाप्त होने के बाद डीएम सीधे बड़हरा गांव पहुंचे और समस्या से रूबरू हुए। मार्ग उच्चीकरण के लिए ईओ महेश प्रताप श्रीवास्तव व एई सिंचाई अशोक भारती को निर्देशित करते हुए कहा कि मार्ग उच्चीकरण की रिपोर्ट जल्द उनको भेजें। उच्चीकरण के बाद गांव की ओर हो रहे नदी कटान की समस्या का जल्द निराकरण भी कराया जाएगा।
ग्राम भंटगवा निवासी नेहाल अहमद, अरमान, महताब हैदर, हल्लौर निवासी हेलाल हैदर, पप्पू, अंजुम जरीन, इन्तेजार मेहदी, जबजौआ के जफर अब्बास व अन्य ने तहसील परिसर में हाथों में तख्ती लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने एक व्यक्ति पर भू माफिया होने का आरोप लगाते हुए जमीन फर्जी तरीके बैनामा करा लेने और पैसा नहीं देने की बात कही। साथ ही बताया कि खाते में पैसा नहीं होने के चलते आरोपी भू कारोबारी द्वारा दिया गया चेक बाउंस हो गया। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। डीएम ने मामले की जांच कर एसडीएम से उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
नगर पालिका सिद्धार्थनगर के जगदीशपुर खुर्द निवासी सर्वेन्द्र राम त्रिपाठी एक इंटर काॅलेज में लिपिक के पद पर तैनात पत्नी साधना त्रिपाठी का मामला लेकर पहुंचे। आरोप लगाया कि विद्यालय का ही एक कर्मी उनकी पत्नी का मानसिक व आर्थिक शोषण करता है। डीएम ने समस्या का समाधान कराने की बात कही। मधुकरपुर चौबे के सहदेव गांव के कुछ लोग नाली पाटने का मामला लेकर आए थे। डीएम ने एसडीएम को समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, पीडी नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी, डीडीओ गोपाल प्रसाद कुशवाहा, उप कृषि निदेशक अरविन्द कुमार विश्वकर्मा, जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुजम्मिल, डीपीआरओ पवन कुमार, डीएसओ देवेन्द्र प्रताप सिंह व अन्य मौजूद रहे।
शनिवार को डुमरियागंज तहसील सभागार में जिलाधिकारी डाॅ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। राजस्व के 80, विकास के 18, पुलिस के 25 व अन्य 42 सहित 165 मामले आए। राजस्व के 9 सहित 12 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। तहसील दिवस में प्राप्त शेष शिकायती प्रार्थना पत्रों को डीएम ने मातहत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तीन दिन के अन्दर शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। पुलिस विभाग से संबंधित मामले को पुलिस कप्तान प्राची सिंह ने सुना।
डुमरियागंज तहसील कार्यालय का डीएम ने किया निरीक्षण, दिया निर्देश
डुमरियागंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में शामिल होने के लिए डीएम सुबह 10:30 बजे ही पहुंच गए थे। उन्होंने पहले तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर प्राप्त शिकायतों की आख्या का अवलोकन किया। डीएम ने तत्काल जिला स्तरीय टीम बनाकर मौके का जांच कराने का निर्देश दिया। साथ ही निर्देश दिया कि भूमि से संबंधित विवाद मौके पर जाकर निरीक्षण कर निस्तारित कराएं।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस डुमरियागंज़़ में उपस्थित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त हो रही शिकायतों एवं आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समय से एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतकर्ता एवं विपक्षी दोनों के समक्ष जांच कर कार्यवाही किया जाए। कानूनगो एवं लेखपालों को निर्देश दिया कि भूमि संपत्ति रजिस्टर एवं भूमि विवाद रजिस्टर अवश्य बना लें। किसी भी विभाग का तहसील दिवस का कोई भी प्रकरण लम्बित नहीं होना चाहिए यदि किसी भी विभाग का प्रकरण लंबित पाया जाएगा तो सम्बन्धित के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।