सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के लिए बनाई गईं 25 समितियां
युवा पेज के लिए
फोटो-
छह जिलों के संबद्ध 281 महाविद्यालयों के मेधावी भी पाएंगे स्वर्ण पदक
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु का सातवां दीक्षांत समारोह एक दिसंबर को होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। दीक्षांत समारोह में 44 छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। सूची में स्थान बनाने वाले विश्वविद्यालय और इससे संबद्ध छह जिलों के 281 महाविद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी स्वर्ण पदक से नवाजा जाएगा।
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु सिद्धार्थनगर में बृहस्पतिवार को कुलपति प्रोफेसर हरि बहादुर श्रीवास्तव की अध्यक्षता में दीक्षांत समारोह की तैयारियाें के लिए बैठक हुई। कुलसचिव डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सातवें दीक्षांत के लिए 25 समितियां बनाई गई हैं। प्रत्येक समिति में पांच से आठ शिक्षकों और अधिकारियों को शामिल किया गया है। राज भवन ने एक दिसंबर को दीक्षांत समारोह आयोजित करने की बात कही है।
सातवें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी। विश्वविद्यालय की कार्य परिषद से अनुमोदित अन्य अतिथियों के नाम की सूची राजभवन को भेजी जा रही है। राजभवन से अनुमति मिलने के बाद अंतिम रूप से अतिथियों के नाम तय हो जाएंगे।
सातवें दीक्षांत समारोह में मुख्य आकर्षण राज्यपाल के हाथों स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का रहता है। इस बार गोल्ड मेडल में नाम तय करने वाली समिति के सचिव दीनानाथ यादव ने बताया कि अभी लगभग 44 स्वर्ण पदक के लिए नामों की अंतिम सूची तैयार हो रही है। विश्वविद्यालय एवं इससे संबद्ध सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, बस्ती, श्रावस्ती, महराजगंज व बलरामपुर के महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल होंगी।
सूची तैयार होने के बाद आपत्ति के लिए इसको प्रसारित किया जाएगा। आपत्ति आने के बाद तथा आवश्यक होने पर संशोधित सूची अंतिम रूप से प्रसारित की जाएगी। यह जानकारी सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अविनाश प्रताप सिंह ने दी है। उन्होंने बताया कि कुलपति प्रो. हरि बहादुर श्रीवास्तव एवं अन्य शिक्षकों ने परिसर में भ्रमण करके भी तैयारियों की रूपरेखा तय की।