पोखरे में उतराता मिला युवक का शव
- पत्नी से विवाद करके गुस्से में घर से निकला था
संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। कस्बे में स्थित शिव मंदिर स्थित पोखरे में बृहस्पतिवार को युवक का शव मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि युवक ने दो दिन पूर्व नदी में जान देने की कोशिश की थी।
जानकारी के अनुसार शोहरतगढ़ कस्बे स्थित शिवमंदिर पोखरे में बृहस्पतिवार सुबह मंदिर के पुजारी ने युवक की उतराती हुई लाश देखी। जानकारी होने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। शव की शिनाख्त नगर के ही सोनारी मोहल्ला निवासी ध्रुव कुमार (35) पुत्र शिवमंगल के रूप में की गई।
युवक की पत्नी ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि ध्रुव नशे का आदी था और लगातार मारपीट करता था। बुधवार सुबह विवाद करके घर से निकला था। शाम तक नहीं लौटा तो खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला था।
वहीं, लोगों ने बताया कि दो दिन पूर्व भी युवक ने डोई नदी में कूदकर जान देने की कोशिश की थी, लेकिन उसे बचा लिया गया था।
थानाध्यक्ष जयप्रकाश दुबे ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंच गए थे। शव की शिनाख्त होने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।