सिद्धार्थनगर। महिला को किसी तरह से टरका दिए हैं, नहीं तो केस दर्ज होता तो परेशान हो जाते। इसलिए जो बताए हैं, करवा दो मामला निपट जाए। यह बात त्रिलोकपुर थाने में तैनात एक दरोगा की बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल होते ही पुलिस महकमेे में हलचल मच गई। एसपी ने सीओ डुमरियागंज को जांच करके रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
त्रिलोकपुर थाने में तैनात एक और दरोगा का ऑडियो रविवार को वायरल होने लगा। इस वायरल ऑडियो में गंगाराम नाम का एक व्यक्ति किसी महिला के मामले में दरोगा से बात चीतकर 50 बोल रहा है। यह 50 रुपये है, हजार है, या किसी अन्य वस्तु की संख्या है। यह स्पष्ट नहीं हो रहा है। देखते ही देखते यह ऑडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। थाना क्षेत्र के असनहरा माफी गांव निवासी गंगा राम नाम के व्यक्ति से त्रिलोकपुर थाने में तैनात दरोगा प्रमोद पांडेय से बातचीत का 3 मिनट 44 सेकंड का ऑडियो है। इस वायरल ऑडियो में किसी महिला के मामले में गंगा राम दरोगा प्रमोद पांडेय से 50 बोल रहा है। दरोगा मौके पर आने की बात कहता साफ सुनाई दे रहा है। ऑडियो में यह कहा जा रहा है कि महिला का मामला था टरका दिए, अगर केस दर्ज हो जाता तो बुरा फंस जाते। जाओ सबसे से बात करके बताओ किसी तरह से मामले का सुलझाया जाए। रुपये की बात कहीं नहीं आ रही है। लेकिन, लोग चर्चा कर रहे हैं कि जो 50 की संख्या की बात कही जा रही है, हो सकता है वह 50 हजार रुपये हो। जिसको इस तरह से बोल रहे हैं कि किसी की समझ में न आए।
अभी तीन दिन पहले ही थाने में तैनात दरोगा भीम सिंह का रुपये के लेनदेन का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उन्हें निलंबित कर दिया गया था। ताजा मामला एसपी के संज्ञान में आया तो उन्होंने सीओ डुमरियागंज को जांच करके रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
-
बोले अधिकारी
त्रिलोकपुर थाने में तैनात दरोगा का ऑडियो वायरल होने का मामला सामने आया है। इस मामले की जांच सीओ डुमरियागंज को सौंपी गई है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -अभिषेक कुमार अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक
-
बोले अधिकारी
त्रिलोकपुर थाने में तैनात दरोगा का ऑडियो वायरल हो रहा है। उसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -सुजीत कुमार राय, सीओ डुमरियागंज
-
बोले दरोगा
मामला दो पक्ष और महिला से जुड़ा हुआ था। मैंने बोला कि लोगों से बात करके समझ लो, हल निकल जाए। मैंने किसी रुपये की मांग नहीं की है। आरोप पूरी तरह से निराधार और बेबुनियाद है। -प्रमोद पांडेय, दरोगा