अमर उजाला लाइव
फोटो-
ट्रेन देर होने से छात्रों की छूटी क्लास
लखनऊ दवा करवाने जाने वाले यात्री, वापस अपने घर लौटे
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। गोरखपुर से बादशाह नगर को जाने वाली इंटर सिटी एक्सप्रेस छह घंटे 32 मिनट देर से पहुंची तो सैकड़ों यात्रियों का काम बिगड़ गया। शुक्रवार को साढ़े छह घंटे ट्रेन देर से पहुंची तो लोग ट्रेन में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की करने लगे। लखनऊ, कानपुर व सैफई में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं की महत्वपूर्ण कक्षाएं छूट गईं। इलाज कराने जाने वाले यात्री वापस अपने घर लौट गए।
सिद्धार्थनगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को सुबह 5:11 बजे आना था, लेकिन सुबह 11:43 बजे आई है। इससे ट्रेन में बैठे यात्रियों की सांसत हुई, जबकि इस ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस देरी के कारण गोरखपुर में राजेश कुमार ने लखनऊ जाने की यात्रा रद्द कर दी। रात में बादशाह नगर से चलकर 09:28 पर सिद्धार्थनगर में ट्रेन पहुंचती है, लेकिन किसी कारण से सुबह 05:38 पर ट्रेन आई, जिससे ट्रेन शुक्रवार को देर से संचालित हुई।
गोरखपुर से बादशाह नगर जाने वाली 15069 नंबर की ट्रेन सिद्धार्थनगर में साढ़े छह घंटे देर से पहुंची तो लोग ट्रेन में बैठने के लिए धक्का-मुक्की करने लगे, जबकि लखनऊ मेडिकल काॅलेज, एम्स, लोहिया, केजीएमयू, पीजीआई में दवा करवाने जाने वाले लोग अपने घर लौट गए।
वहीं, दीपावली की छुट्टी में घर आए छात्रों ने ट्रेन का इंतजार किया। छात्रों ने बताया कि इस ट्रेन से जाने पर कानपुर व सैफई जाने के लिए समय से ट्रेन मिल जाती है, लेकिन ट्रेन देर होने से चार गुना अधिक किराया देकर यात्रा करनी पड़ेगी।
लखनऊ में रहकर तैयारी करता हूं। दोपहर से क्लास था, सुबह पांच बजे से ट्रेन का इंतजार कर रहा हूं, ट्रेन छह घंटे से अधिक देर है। आज की क्लास छूट जाएगी।
-हर्ष पांडेय, छात्र
सैफई में रहकर पढ़ाई करता हूं। इंटरसिटी से जाने पर एक बजे तक सैफई के लिए ट्रेन मिल जाती है। लेकिन ट्रेन देर होने से पांच सौ रुपये किराया देकर बस से जाना पड़ेगा।
-नीरज, छात्र
कानपुर में रहकर पढ़ाई करता हूं। चार बजे से क्लास था। सोचा था कि सुबह निकलूंगा तब क्लास के समय पर पहुंच जाऊंगा। ट्रेन देर होने से क्लास छूट जाएगी।
- सुभाष यादव, छात्र
वर्जन
रात में बादशाह नगर से चलकर आई ट्रेन देर से आई थी। वहीं, ट्रेन गोरखपुर से बनकर लखनऊ के लिए रवाना हुई। इस कारण शुक्रवार को ट्रेन देर से संचालित हुई।
-डीके उपाध्याय, स्टेशन मास्टर