एंबुलेंस भेजा, मिली मात्र 50 हजार रुपये की दवाइयां
दवाओं के लिए मेडिकल सप्लाई कार्पोरेशन लखनऊ एंबुलेंस भेजी गई थी। मात्र 50 हजार रुपये की दवाएं मिलीं। कारण कि कारपोरेशन की ओर से पहले 24.50 लाख रुपये की दवाएं दी जा चुकी हैं। नियम का हवाला देते हुए वहां से 25 लाख रुपये से अधिक की दवाएं देने से मना कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज ने स्थिति से निपटने से निपटने के लिए टेंडर रेट के अनुसार करीब 13 लाख रुपये की दवाइयों का आर्डर दिया है, लेकिन उसकी आपूर्ति भी फिलहाल नहीं हुई है। मेडिकल कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य एवं जिला अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ. एके झा ने बताया कि दवाओं की आपूर्ति के लिए पत्र भेजा गया है। ओपीडी में 15 प्रकार की दवाइयां नहीं हैं, भर्ती मरीजों के लिए भी कुछ दवाइयां समाप्त हो गई हैं।
मेडिकल स्टोर में डीएम ने किया निरीक्षण
जिलाधिकारी संजीव रंजन ने बुधवार सुबह संयुक्त जिला अस्पताल में सेंट्रल मेडिकल स्टोर में निरीक्षण करके दवाइयों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्टोर में करीब एक घंटे तक जांच की और दवाइयों के रख-रखाव एवं लेखा-जोखा के बारे में निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने ओपीडी में साफ-सफाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने ओपीडी में डॉक्टरों के नाम और ड्यूटी संबंधी सूची चस्पा करने के निर्देश दिए।