गौरा बाजार गांव में प्रधान पति की मौत के बाद छानबीन करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
इटवा। निर्माणाधीन श्मशान घाट का जायजा लेने घर से निकले प्रधान के पति का शव झाड़ियों में पाया गया। चेहरे पर खरोंच के निशान मिले हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मामला इटवा थाना क्षेत्र के गौरा बाजार ग्राम पंचायत का है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
खुनियांव ब्लाक के गौरा बाजार ग्राम पंचायत की प्रधान सुंदरी देवी निर्वाचित हुई हैं। गांव के दक्षिण-पूर्व से गुजर रही राप्ती नदी पर श्मशान घाट का निर्माण कार्य चल रहा है। प्रधान के पति रामानंद सोनी (45) निर्माण कार्य का जायजा लेने सोमवार सुबह आठ बजे घर से निकले थे। मजदूरों से मिलने के बाद वह आसपास ही घूम रहे थे कि अचानक गायब हो गए। मैटेरियल की जरूरत पड़ने पर मजदूरों ने उन्हें ढूंढना शुरू किया तो पास स्थित कास की झाड़ियों में प्रधान के पति मृत हालत में पड़े मिले।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को झाड़ियों से बाहर निकलवाया। कुछ ही देर में परिजन भी पहुंच गए। उन्होंने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। हालांकि देर शाम तक कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर कार्य कर रहे चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया है। एसओ संजय पांडेय के मुताबिक घटना को लेकर कोई तहरीर अभी नहीं मिली है। मामले की हर पहलू पर जांच की जा रही है।