गंगा में डूबने से युवक की मौत के बाद जुटी भीड़
डुमरियागंज।राप्ती नदी द्वारा छोड़ी गई जमीन में अपने खेत की नपाई करवाने गए बुजुर्ग की नाव पलटने से नदी में डूबकर मौत हो गई। काफी देर बाद जब बुजुर्ग घर नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश करने लगे। इसके बाद किसी ने वहां से एक किलोमीटर दूर एक शव मिलने की सूचना दी। इसके बाद शव की शिनाख्त हुई। भवानीगंज थानाक्षेत्र के बिथरिया खुर्द गांव निवासी जैश मोहम्मद (75) रविवार की सुबह करीब 11 बजे उत्तर पश्चिम दिशा में राप्ती नदी द्वारा छोड़ी गई जमीन में अपने खेत को नापकर अलग करने गया था। खेत नपवाकर वापस लौट रहे जैश मोहम्मद को हार्ट अटैक हो गया जिससे वह नाव में गिर पड़ा। अकेले होने के कारण नाव से उसका संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट जाने से नदी में गिर पड़ा।
इधर परिजन जैश मोहम्मद का इंतजार कर रहे थे। शाम को इफ्तार के समय भी जब जैश मोहम्मद घर नहीं पहुंचे तो परिजन हैरान हो उठे। परिजनों के साथ ही मोहल्ले के लोग खेत को जाने वाले रास्ते की ओर चल पड़े। वहां पहुंचने पर लोगों को नाव नहीं दिखाई दी। रात करीब 9 बजे डुमरियागंज थाना क्षेत्र के पिकौरा गांव के पास नदी में एक शव दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलते ही परिजन वहां पहुंच गए। इसके बाद शव की शिनाख्त जैश मोहम्मद के रूप में की गई। सोमवार को शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। भवानीगंज इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी होने पर गोताखोरों को भेजा गया था। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।