नेपाल के कृष्णानगर में पुलिस ने पकड़ा मूर्ति।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
दिल्ली से काठमांडू जा रही बस से नेपाल पुलिस ने प्राचीन काल की मूर्ति को बरामद किया है। पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। मामला नेपाल के कृष्णानगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर चार स्थित बस स्टैंड और मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। पकड़े गए आरोपी का नाम बालकृष्ण जीसी और नेपाल के जिला बाग्लुंग भीमपोखरा के वार्ड नंबर का रहने वाला है। पुलिस ने मूर्ति को जांच के लिए काठमांडू स्थित पुरातत्व विभाग कार्यालय को भेज दिया है।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी दिल्ली से मूर्ति को लेकर कृष्णानगर के रास्ते काठमांडू के बौद्ध नामक स्थान पर ले जाने के प्रयास में था। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर कृष्णानगर थाने की पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
बस की तलाशी के दौरान पुलिस ने बड़े झोले में रखी मूर्ति बरामद की। पुलिस के मुताबिक मूर्ति का वजन 11 किलोग्राम 300 ग्राम बताया है। धातु और काल की जांच के लिए काठमांडू स्थित पुरातत्व विभाग के पास मूर्ति को भेज दिया गया है। इस संबंध में इंस्पेक्टर कृष्णानगर नवराज भटराई ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर प्राचीन काल की मूर्ति की बरामद की गई है।
नेपाल के काठमांडू से प्रतिदिन दर्जनों बसें विभिन्न शहरों के लिए निकलती है। दिल्ली, लुधियाना, लखनऊ, कानपुर ऐसे शहर हैं जहां नेपाल की दर्जनों बसें रोजाना जाती हैं। इन बसों की सघन चेकिंग नहीं की जाती है। नाम न छापने की शर्त पर एक पुलिस कर्मी ने बताया कि रास्ते में पड़ने वाले थानों को हफ्ता बंधा होने के कारण पुलिसकर्मी इन बसों को कोई नहीं रोकता है।