उसका बाजार। खेत में बकरी चराने को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने एक महिला पर हंसिया से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। स्थानीय पुलिस ने फौरी कार्रवाई न किए जाने से आक्रोशित महिला घायलावस्था में ही एसपी आफिस पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के उसका राजा निवासी महिला सन्नो सुबह के समय अपनी बकरी को घास चरने के लिए खेत में छोड़ आई थी। इस बीच बकरी बगल में एक शख्स के खेत में चली गई। जिससे नाराज लोगों से सन्नों की कहासुनी होने लगी। बात इतनी बढ़ गई कि उन्होंने सन्नों पर हसिएं से हमला बोल दिया, जिससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गई। घटना के बाद वह अपने परिजनों के साथ थानें पर गई।
पुलिस ने मामला भी दर्ज कर लिया लेकिन आरोपियों पर फौरी कार्रवाई न होते देख वह घायलावस्था में ही दोपहर के समय एसपी आफिस पहुंच गई। जब पुलिस अधिकारियों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने आनन-फानन में थाने से पूरे मामले की जानकारी ली। पता चला कि मुकदमा लिखा जा चुका है।
जिसके बाद उन्होंने पीड़िता को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं इस मामले में प्रभारी एसओ ओम प्रकाश यादव ने बताया कि सन्नों के परिजनों की तहरीर पर इंतियाज, समीमा, इश्तियाक व जाहिदा के विरुद्ध मुकदमा लिखा गया और कार्रवाई की जा रही है। वहीं एएसपी मंशाराम गौतम ने बताया कि मामला दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है। घटना में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।