सिद्धार्थनगर। बुद्ध प्रतिमा पर जूता पहन माल्यार्पण के मामले को लेकर बौद्ध महासभा निर्वाचन आयोग तक पहुंच गया है। शासन स्तर से कार्रवाई न होता देख बौद्ध महासभा ने मुख्य निर्वाचन आयोग को शिकायती पत्र भेज तत्काल कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई न हुई तो बौद्ध संगठन ने आंदोलन की चेतावनी दी है। मामले को लेकर 15 जनवरी को एक बैठक भी मुख्यालय पर बुलाई गई है।
जिले के स्थापना दिवस के मौके पर जिला प्रशासन के अफसरों ने जूता पहनकर बुद्ध प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। बुद्ध को भगवान कहने और उनका ऐसा अनादर देख मतावलंबी सकते में पड़ गए। निंदा प्रस्ताव पारित कर शासन स्तर पर शिकायती पत्र भेजा गया पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मंगलवार को बौद्ध महासभा के लोगों को निर्वाचन आयोग को पत्र भेज इस कृत्य से अवगत कराया है। बौद्ध महासभा का कहना है धार्मिक भावना को आहत करने और नीचा दिखाने के उद्देश्य से प्रशासन ने ऐसा किया है। जिला प्रशासन पर इस मामले में कार्रवाई होनी चाहिए। महासभा के अध्यक्ष मनीराम बौद्ध और डॉ.शीश कुमार ने बताया कि अगर आयोग 14 जनवरी तक कार्रवाई नहीं हुई तो 15 जनवरी की बैठक में आंदोलन पर विचार विमर्श किया जाएगा।