मोहाना क्षेत्र के दुल्हा खुर्द गांव में चोरी के बाद बिखरा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
ककरहवा। मोहाना थाना क्षेत्र के दूल्हा खुर्द गांव में बुधवार की रात लुटेरों ने धावा बोल दिया। घर में मौजूद महिला को मारा-पीटा और चाकू से भयभीत कर घर में रखे नकदी, कपड़े व जेवरात समेत ढाई लाख के सामान को लूटकर लुटेरे फरार हो गए। लुटेरों का चेहरा ढका हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला। तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
दूल्हा खुर्द गांव निवासी हरिराम मौर्य के एक-दूसरे से सटे दो मकान हैं। एक मकान में बहू वंदना अपने बच्चों के साथ सो रही थी। बुधवार की आधी रात में तीन बदमाश घर में घुस गए। वह कमरों को खंगाल रहे थे। इसी दौरान खट-पट की आवाज सुन वंदना की नींद खुल गई। शोर-गुल मचाने का प्रयास किया जब तक बदमाशों ने उसे चंगुल में दबोच लिया। पिटाई के बाद उसके गर्दन पर चाकू रख दिया। हिदायत दी कि अगर शोरगुल मचाया तो उसके साथ 5 वर्षीय पुत्र सूरज को भी मौत के घाट उतार देंगे।
इसके बाद बदमाशों ने इत्मीनान से वंदना के शरीर के सारे गहने छीन लिए। घर में चार संदूक का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती कपड़े, एक हजार नकदी, कान की 4 बाली, दो नथिया, दो मांग टीका, अंगूठी, पायल सहित ढाई लाख के जेवरात व कपड़े समेट कर फरार हो गए। वंदना के मुताबिक लुटेरों ने अपना चेहरा भी ढक रखा था। बदमाशों के जाने बाद वंदना ने सूचना दूसरे मकान में सो रहे ससुर हरिराम व अन्य घर वालों को दी। तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को अवगत कराया गया। यूपी-100 की टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका। इस संबंध में थानाध्यक्ष मोहाना सौदागर राय का कहना है कि घटना की तहरीर मिली है, छानबीन की जा रही है। केस दर्ज कर समुचित कार्रवाई की जाएगी।