शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। दूसरे की डिग्री पर नौकरी करने वाले युवक अमित कुमार पर चिल्हिया पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई शोहरतगढ़ बीईओ की तहरीर पर की है।
एसओ चिल्हिया ब्रह्मनंद गौंड ने बताया बीईओ शोहरतगढ़ रमेश चंद्र मौर्य ने तहरीर में कहा है कि बीआरसी क्षेत्र के करौता गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में अमित कुमार दूसरे की डिग्री लगाकर नौकरी कर रहा था। अमित गोरखपुर के बेलघाट का रहने वाला है। उसने नौकरी हासिल करने के लिए एक पूर्व शिक्षक की डिग्री लगाई थी।
अमित जिसकी डिग्री पर नौकरी कर रहा था वह सचिवालय में नौकरी करता है। तहरीर के आधार पर अमित कुमार पर धोखाधड़ी, सरकारी अभिलेखों में उलटफेर करके नौकरी हासिल करने, धोखे में रखकर सरकारी धन लेने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।