डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो को एडिट करके सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के साथ ही उस पर टिप्पणी करना ग्राम प्रधान प्रतिनिधि को भारी पड़ गया। वायरल हुए इस पोस्ट और उस पर लिखे गए कमेंट से आहत हियुवा कार्यकर्ता ने भवानीगंज थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी प्रधान प्रतिनिधि के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। भवानीगंज थाना क्षेत्र के चौरा बनगवां गांव के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रणजीत सिंह गौतम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो पोस्ट की है। तस्वीर में सरकारी नल से पानी पीने के दौरान पास में गाय खड़ी दिखाते हुए उस पर अभद्र टिप्पणी की गई है। इसे व्हाट्सएप पर डुमरियागंज ब्लाक के प्रधानों के ग्रुप में पोस्ट किया गया है। इस पोस्ट पर कई अन्य लोगों ने विवादित कमेंटस किए हैं, जिस पर आपत्ति जताते हुए मझौवा खास निवासी हियुवा कार्यकर्ता पंकज पांडेय ने भवानीगंज थाने में तहरीर देकर रणजीत सिंह गौतम के खिलाफ पुलिस से कार्रवाई की मांग की। इस पर हरकत में आई पुलिस ने फौरन आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। भवानीगंज एसओ प्रदीप सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रणजीत सिंह गौतम के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच करके सारे तथ्य जुटाए जा रहे हैं।