बांसी। मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के जोकइला गांव में मंगलवार की रात चोर एक जलपान की दुकान में छत के ऊपर सीढ़ी के रास्ते घुस गए। चोर दुकान में रखे 10 हजार रुपये नकद, एक लैपटॉप सहित अन्य सामान उठा ले गए।
क्षेत्र के जोकइला गांव निवासी घनश्याम गौंड गांव में मंदिर के पास ही जलपान की दुकान चलाते हैं। रात में दुकान बंद करके सभी लोग सो गए थे। देर रात छत के ऊपर सीढ़ी पर लगे दरवाजे को तोड़ कर चोर दुकान में घुस गए और दुकान में रखा सारा सामान उठा ले गए। घटना की जानकारी सुबह तब हुई जब घनश्याम दुकान खोलने के लिए पहुंचे। दुकान पर लगे शटर का ताला टूटा हुआ मिला और गल्ला में रखे 10 हजार रुपये नकदी, एक लैपटॉप आदि सामान गायब थे।
उधर, ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पंद्रह दिन पहले एक घर में चोरी हुई थी जिसका मकान मालिक उस्का बाजार निवासी है। उसके दरवाजे का ताला तोड़कर चोर घर में घुस गए और घर में रखा बर्तन, राशन कपड़े आदि उठा ले गए थे।घनश्याम ने घटना की लिखित तहरीर चेतिया चौकी इंचार्ज को दी। चेतिया चौकी इंचार्ज सभाजीत मिश्रा ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है।