सिद्धार्थनगर। स्वाट व सदर पुलिस की संयुक्त टीम ने जमुआर नाले के पास से चार बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। ये लोग बाइक चोरी कर नेपाल में बेचते थे। इनके पास से चार बाइक, एक तमंचा, आभूषण बरामद किया। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए बदमाश स्थान बदलकर वारदात को अंजाम देते थे। पूछताछ करने के बाद सभी को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस लाइंस सभागार में बुधवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसपी डॉ. धर्मबीर सिंह ने बताया कि जिले में चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करने के लिए स्वाट टीम को लगाया था। 25 सितंबर को रात आठ बजे स्वाट टीम प्रभारी दीपक कुमार दुबे को सूचना मिली कि चोरी करने वाले गिरोह के शातिर जमुआर नाले के पास मौजूद हैं और वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर एसओ सदर शमशेर बहादुर सिंह टीम के साथ बताए स्थान पर चेकिंग में जुट गए। इसी बीच तीन बाइक पर सवार छह लोग आते हुए दिखे। पुलिस को देखकर ये लोग भागने लगे। इस पर पुलिस कर्मियों ने दो बाइक पर सवार चार बदमाशों को पकड़ लिया। इनके पास से तमंचा बरामद हुआ। जबकि एक बाइक पर सवार दो बदमाश भाग निकले। जांच में पाया गया कि दोनों बाइक चोरी की हैं। पकड़े गए बदमाशों की पहचान रमजान उर्फ बन्नर निवासी बेलसड़, मो. रईस उर्फ मुल्दाहे निवासी खजुरिया, अजय व रामनारायण निवासी बेलसड़ थाना सदर के रूप में हुई। वहीं फरार बदमाशों की पहचान संजय उर्फ भेल्लर निवासी खजुरिया थाना सदर, राजू उर्फ ईस्माइल निवासी भगवानपुर थाना मोहाना के रूप में की गई है। बदमाशों की निशानदेही पर चोरी की दो अन्य बाइक, मोबाइल, आभूषण आदि सामान बरामद किया गया है। इनके खिलाफ विभिन्न थानों के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के बाद चारों को जेल भेज दिया गया है।
नेपाल मेें बेचते थे बाइक
पुलिस का दावा है कि पकड़े गए बदमाश चोरी की बाइक को नेपाल में लेकर बेचते थे। यह गिरोह स्थान पर बदलकर घटनाएं करता है। पूछताछ में नेपाल में बाइक बेचने की बात को स्वीकार किया है।
बरामद किया गया सामान
बदमाशों के पास से चोरी की चार बाइक, सोने की एक अंगूठी, 15 सोने की कील, सोने की नाक की 19 कील, सात लॉकेट, एक सोने का पान का पत्ता, 20 जोड़ी पायल, 34 बिछिया, एक कमरबंद, एक चांदी की अंगूठी, चार मोबाइल फोन, एक तमंचा 315 बोर, चार कारतूस व दो चाकू बरामद हुआ है।
पकड़े वाली टीम
एसओ शमशेर बहादुर सिंह, निरीक्षक रामदरश आर्य, स्वाट टीम प्रभारी दीपक दुबे, एसआई हरेंद्र पाठक, एसआई भानु प्रताप सिंह, एसआई राधारमण, सिपाही गट्टू पांडेय, अश्वनी राय, दीपक गोविन्द राव, रमेश यादव, अवनीश सिंह, अजय कुमार राणा, गौरीशंकर चौरसिया, धीरेन्द्र कुमार यादव, ब्रह्मदेव यादव आदि शामिल रहे। टीम को एसपी ने पांच हजार रुपये इनाम दिया है।