दुर्घटनाग्रस्त क्षतिग्रस्त बाइक।
- फोटो : अमर उजाला
डुमरियागंज। तेज रफ्तार और यातायात नियमों का उल्लंघन करना गुरुवार को दो बाइक सवारों को भारी पड़ गया। बिना हेलमेट लगाए बाइक सवार दो युवकों की बाइक एक अन्य बाइक से भिड़ गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को लोगों ने इलाज के लिए बेंवा सीएचसी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डुमरियागंज क्षेत्र के जखौली गांव निवासी सुंदर यादव (50) बाइक से प्रेमदास (65) निवासी सिसवा त्रिलोकपुर को लेकर भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र में किसी काम से गए थे। करीब 3 बजे वापस घर की तरफ लौट रहे थे। उसी दौरान मंगराव ईट-भट्ठे के पास डुमरियागंज की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने सुंदर यादव की बाइक को टक्कर मार दी। दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने 108 और 100 नंबर हेल्पलाइन पर कई बार फोन लगाया, मगर फोन नहीं उठा। इसके बाद सुंदर के रमवापुर उर्फ नेबुआ गांव में मौजूद रिश्तेदार उन्हें इलाज के लिए बेंवा सीएचसी ले गए। वहीं युवक को लोगों ने सड़क पर ही तड़पता छोड़ दिया। कुछ देर बाद वहां पहुंची 100 नंबर की पुलिस की गाड़ी घायल को भी बेंवा सीएचसी ले गई। घायल युवक का नाम नहीं पता चल सका। बेंवा सीएचसी में दोनों घायलों की हालत नाजुक देख उन्हें बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जबकि प्रेमदास को हल्की चोट आई थी। इसलिए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश गौतम ने बताया कि 100 नंबर डायल पुलिस को सूचना मिली थी। घायलों को उपचार के लिए बेंवा सीएचसी लाया गया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लिया गया है।