सोशल मीडिया पर फोटो वायरल कर किशोरी से संबंध बनाने का दबाव
पीड़िता ने डीएम व एसपी को शिकायती पत्र देकर की कार्रवाई की मांग
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। पहले किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश की। इसके बाद मोबाइल फोन से उसकी तस्वीर खींच ली और अब सोशल मीडिया पर वायरल कर संबंध बनाने का दबाव बना रहा है। अब घर से निकलने में भी डर लग रहा है, जान का खतरा भी बना हुआ है। पीड़िता ने डीएम और एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। मामला शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव का है।
डीएम व एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक किशोरी ने बताया है कि गांव का एक युवक उसके पीछे पड़ा हुआ था। साथ में संबंध बनाने का बार-बार दबाव बना रहा था। वह दो माह से परेशान कर रहा था। एक बार दुष्कर्म की कोशिश भी की। इसी दौरान उसने मेरी फोटो खींच ली और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। 26 सितंबर को मेरी तस्वीर को व्हाट्सएप पर फोटो शेयर कर दिया।
इसके कारण मैं अपमानित महससू कर रही हूं। उसी तस्वीर को लेकर संबंध बनाने का दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही आरोपी युवक के चाचा का लड़का बार-बार धमकी दे रहा है कि अगर किसी से कुछ बोली और शिकायती की तो जान से मार देंगे। यह धमकी कई बार मिल चुकी है। अब घर से निकलने में डर लग रहा है। मेरे भविष्य पर ग्रहण लग गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाए। डीएम कुणाल सिल्कू ने बताया कि मामले में एसपी को जांच के लिए निर्देशित किया गया है।