शोहरतगढ़/पकड़ी बाजार। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के जोगिया ब्लॉक के ग्राम पंचायत पिपरहवा में विद्यार्थियों से आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर हल्का लेखपाल द्वारा तीन सौ रुपये प्रति छात्र धनउगाही का आरोप लगाते हुए गांव के प्रधान मनमोहन आदि ने सांसद जगदंबिका पाल से शिकायत की थी। इसका वीडियो भी 11 सितंबर को वायरल हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम अनिल कुमार ने जांच तहसीलदार अरविंद कुमार को सौंपी थी। जांच आख्या में पिपरहवा के लेखपाल पर प्रधान व ग्रामीणों द्वारा लगाया गए आरोप की पुष्टि हुई। एसडीएम ने जांच रिपोर्ट के आधार पर पिपरहवा के लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए शोहरतगढ़ भूलेख कार्यालय से संबद्ध करने का निर्देश जारी किया। एसडीएम अनिल कुमार ने बताया कि छात्रों से आय, जाति, निवास के नाम पर धनउगाही का आरोप हल्का लेखपाल रामदेव गुप्ता पर प्रधान व ग्रामीणों द्वारा लगाया गया था। मामले की जांच में पुष्टि होने पर लेखपाल रामदेव को निलंबित कर दिया गया है।