पुलिस लाइंस सभागार में आयोजित हुई अपराध समीक्षा बैठक
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। पुलिस लाइंस सभागार में रविवार को एएसपी की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक हुई। इसमें लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और टॉप टेन अपराधियों पर कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। बैठक में थानेदारों को दुर्गापूजा और दशहरा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की जिम्मेदारी दी गई।
एएसपी मुन्ना लाल सिंह ने बैठक में सबसे पहले थानावार अपराध डायरी का निरीक्षण किया। लंबित विवेचनाओं के बारे में संबंधित थानाध्यक्ष से सवाल किए और यह तय करवाया है कि मामले कितने दिन में निस्तारित हो जाएंगे। साथ ही उन्होंने थाने के टॉप टेन अपराधियों पर कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्रवाई की गति धीमी होने पर थानेदारों को फटकार लगाई और दुर्गा पूजा व दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को कहा। एएसपी ने थानाध्यक्षों को रात्रि गश्त में तेजी लाने का भी निर्देश दिया। इस दौरान सीओ सदर दिलीप सिंह, सीओ श्रीयश त्रिपाठी, सीओ नईम खान मंसूरी, सीओ महेंद्र सिंह देव, सीओ सुनील कुमार सिंह, एसओ शमशेर बहादुर सिंह, हरिनरायन दीक्षित, डीसी चौधरी, आरबी सिंह, एसके सरोज, पेशकार एसपी अरविंद कुमार दुबे आदि मौजूद रहे।