सिद्धार्थनगर।अब सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक पोस्ट या कमेंट करना भारी पड़ सकता है। पुलिस अब इस पर विशेष निगाह रखेगी। किसी भी मामले को स्वत: संज्ञान लेकर कड़ी कार्रवाई करेगी। सोशल मीडिया में आने वाले भ्रामक व आपत्तिजनक पोस्ट से बिगड़ते माहौल को देखते हुए पुलिस को यह निर्देश जारी हुए हैं।
संचार युग में सोशल मीडिया अभिव्यक्ति को व्यक्त करने का सशक्त माध्यम बना है। अभिव्यक्ति की आजादी का हवाला देकर लोग कुछ भी पोस्ट या कमेंट करने से परहेज नहीं कर रहे। कई बार ऐसे पोस्ट तनाव का कारण बन रहे हैं। ताजा उदाहरण भारत बंद के आह्वान का रहा। हालात ऐसे बने कि कई जगहों पर हिंसात्मक घटनाओं में जन-धन की भारी क्षति हुई। लिहाजा फेसबुक, व्हाट्सएप, मैसेंजर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अब पुलिस ने पैनी निगाह रखने की योजना तैयार की है।
भ्रामक पोस्ट दिखते ही पुलिस उसे संज्ञान में लेकर पोस्ट करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करेगी। पुलिस मुख्यालय व एडीजी जोन गोरखपुर दावा शेरपा के निर्देश के बाद जिले के सभी थानों की पुलिस सक्रिय हो चुकी है। एसपी डॉ. धर्मबीर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट पर पुलिस पहले सही सतर्क है और तहरीर मिलने पर कार्रवाई कर रही है। अब और सख्ती बरती जाएगी।
आपत्तिजनक पोस्ट पर दर्ज हो चुके हैं कई मामले
सिद्धार्थनगर। सोशल मीडिया पर भड़ास निकालने व किसी व्यक्ति विशेष पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में जिले पिछले दो वर्षों में 12 से अधिक लोगों पर आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज हो चुका है। दो दिन पहले ही सीएम पर पोस्ट के खिलाफ इटवा थाने में खुनियांव के पूर्व ब्लाक प्रमुख तौलेश्वर निषाद सहित दो लोगों पर केस दर्ज हुआ है।