खेसरहा। थाना क्षेत्र के कंडजा गांव में 11 दिन पूर्व संदिग्ध हाल में लापता हुई तीन वर्षीय बच्ची का शव सोमवार को गांव के पास तालाब में उतराई मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
क्षेत्र के कंडजा गांव निवासी इश्तियाक अहमद की तीन वर्षीय बेटी बुशरा 24 अक्तूबर को संदिग्ध हाल में लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। 25 अक्तूबर को खेसरहा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस छानबीन में जुटी थी कि सोमवार को गांव के लगभग 200 मीटर दूर तालाब में कुछ लोगों ने बच्ची की लाश देखी।
देखते ही देखते गांव के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाया। परिजनों ने बुशरा के रूप में शिनाख्त की। एसओ राधेश्याम राय ने बताया कि गुमशुदगी का केस दर्ज किया गया था। आगे पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।