बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बिस्कोहर कस्बे में मंगलवार को सवारियों से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेंपो में सवार एक दो वर्षीय मासूम सहित सात लोग जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनका इलाज जारी है।
क्षेत्र के बिस्कोहर कस्बे के पूरब साप्ताहिक मंगल बाजार लगता है। बाजार में आसपास के कई गांव के लोग आते हैं। बताया जा रहा है कि शाम पांच बजे के करीब क्षेत्र के नवड़िह वा निवासी सुबराती के टेंपो से कुछ लोग घर जा रहे थे। टेंपो बिस्कोहर-परसोहन मार्ग के नहर के पास पहुंचा ही था कि आगे बैठे एक सवारी ने अपना झोला संभालते वक्त पैर टेंपो के एक्सलेटर पर रख दिया। इसी बीच टेंपो का हैंडल घूम गया और सड़क के दूसरी तरफ पलट गया। हादसे में क्षेत्र के सिकौथा निवासी सुशीला (38) और उसका दो वर्षीय बेटा सचिन जो जनपद बलरामपुर के भैसहवा गांव में जा रहे थे घायल हो गए। चिनकी (38) निवासी नवड़िहवा, सुभावती मौर्या (45) निवासी लमुइया, शांति मौर्या (24) निवासी लमुईया, टेंपो चालक सुबराती (48) व जनपद बलरामपुर के मुंशीडीहवा निवासी रेखा (28) घायल हो गए। लोगों की मदद से उसी टेंपो से सभी घायलों को बिस्कोहर के एक निजी अस्पताल पर लाया गया। जहां बच्चे की हालत गंभीर देख सीएससी ले जाने को कहा गया। जबकि अन्य घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई।