सिद्धार्थनगर। चिल्हिया थानाक्षेत्र के कपिया गांव के पास सोमवार को अपने बेटे के साथ बाइक से बाजार जा रही महिला स्पीड ब्रेकर के पास गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।चिल्हिया थानाक्षेत्र के कपिया गांव निवासी विमला (56) पत्नी कुंवर बहादुर सिंह अपने बेटे के साथ बाइक से बाजार जा रही थी। अभी बाइक गांव के बाहर पुलिया के पास स्पीड ब्रेकर पर पहुंची ही थी कि झटका लगने के कारण महिला बाइक से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने घायल अवस्था में उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान कुछ ही देर में मौत हो गई। चिकित्सकों के अनुसार सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में अंदरुनी गंभीर चोट लगी थी, इसी कारण महिला की मौत हो गई। परिजनों के अनुरोध पर चिकित्सकों ने शव को सौंप दिया। वहीं, परिजनों द्वारा शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। चिल्हिया पुलिस ने इस मामले की जानकारी से इन्कार किया है।