सिद्धार्थनगर। पति की पिटाई से विवाहिता की मौत के मामले में चिल्हिया पुलिस ने पति, सास व ननद के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने यह कार्रवाई मृतका के पिता की तहरीर पर की है।
चिल्हिया पुलिस को तहरीर देकर बचड़ा गांव निवासी घरभारी ने बताया था कि बेटी नंदनी (21) की शादी 14 माह पूर्व क्षेत्र के ही मोहनपुर के टोला कोहरड़ीहवा निवासी रामजीत के साथ की थी। शादी के बाद से ही परिवार के लोग फ्रीज, कूलर और रुपये की मांग के लिए बेटी पर दबाव बनाने लगे थे। मना करने के बाद बेटी को आए दिन पीटते थे।
19 मई को बेटी का फोन आया कि ससुराल चले आईए यह लोग मार डालेंगे। पहुंचे तो बेटी को कई जगहों पर जला दिया गया था। दमाद रामजीत ने बेटी की बेरहमी से पिटाई की और घर के बाहर छोड़ गया था। इससे उसकी मौत हो गई थी। मामले की जांच करते हुए कार्रवाई की जाए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति रामजीत, सास संगीता व ननद पूनम के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है। एसओ रामेश्वर यादव ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।