सिद्धार्थनगर। ढ़ेबरुआ पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम ने शनिवार की सुबह सीमा से सटे महादेव बुजुर्ग गांव के पास से नेपाल ले जाते हुए आठ प्रतिबंधित पशुओं को बरामद किया। इसके साथ ही दो गो तस्करों को भी गिरफ्तार किया। पकड़े गए तस्करों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत जेल भेज दिया गया है। एसओ ढ़ेबरुआ राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शनिवार को एसएसबी महादेव बुजुर्ग बीओपी के जवान गश्त पर थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि पशु तस्कर प्रतिबंधित पशु को लेकर नेपाल जाने की फिराक में हैं। सूचना को संज्ञान में लेते हुए पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम बताए हुए स्थान महादेव बुजुर्ग गांव के पास पहुंचकर दो संदिग्ध को पकड़ लिया। इनके कब्जे से आठ प्रतिबंधित पशुओं को आजाद कराया गया। पकड़े गए पशु तस्करों की पहचान रामलखन व राधेश्याम निवासी खैरा थाना ढ़ेबरुआ के रूप में की गई। दोनों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज करके जेल भेज दिया गया है।