बांसी। अपर जिला जज व मुंसिफ कोर्ट में पेशी पर आए हत्या व लूट के मामले के सात बंदियों की फरार होने की साजिश पुलिस की सतर्कता के सामने विफल हो गई। बंदियों के बैन की जाली काट दी थी। वे भागने ही वाले थे कि पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
सोमवार को अपर जिला जज व मुंसिफ मजिस्ट्रेट बांसी के न्यायालय में जेल की वैन से सात आरोपी पेशी पर आए थे। वैन न्यायालय परिसर में खड़ी थी। इस बीच बंदियों ने वैन की जाली काट दी और भागने लगे। सबसे पहले डुमरियागंज थाना क्षेत्र के बैदौला निवासी शिवशंकर विश्वकर्मा वैन से बाहर निकलने की कोशिश करने लगा। उसने अपना आधा शरीर बाहर निकाल लिया था। तभी पुलिस की निगाह पड़ गई और तत्काल घेराबंदी कर सभी बंदियों को पकड़ लिया गया। शिवशंकर पर हत्या, लूट व अन्य मामलों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। घटना के बाद पुलिस अभिरक्षा से भागने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने शिवशंकर के साथ ही सुरेंद्र, आनंद प्रकाश समोगरा कोतवाली बांसी, लल्लू ग्राम डुमरिया थाना गोल्हौरा, वेदप्रकाश ग्राम पिपरा भैय्या कोतवाली बांसी, नसीम ग्राम धनकरपुर, रहीम उर्फ नेउर ग्राम बिथारिया डुमरियागंज को धारा 353, 224, 225 बी, 7 क्रिमिनल अमेंडमेंट लॉ व लोक संपत्ति अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर न्यायालय में पेश किया। इस संबंध में कोतवाल बांसी रविंद्र कुमार ने बताया कि वैन में सात बंदी थे। पुलिसकर्मियों की सतर्कता से उनकी साजिश विफल हो गई। सभी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है।