शोहरतगढ़। थाना क्षेत्र के नीबी-दोहनी टोला राजाड़िहवा में हुई किशोरी की मौत के मामले में सोमवार को शोहरतगढ़ पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया। मौके से खून के छींट के नमूने भी लिए गए। पुलिस शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है।
नीबी दोहनी गांव के टोला राजाड़िहवा निवासी विरसपाती पत्नी अयोध्या ने गांव के कुछ लोगों पर 15 वर्षीय पुत्री की 12 सितंबर को हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। पीड़िता ने 22 सितंबर को एसपी से मिलकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की थी। विरसपाती की तहरीर पर सोमवार को सीओ सुनील सिंह, एसओ रणधीर कुमार मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों तथा पीड़ित परिजनों से बात की। पुलिस ने नीबी-दोहनी गांव के पूरब स्थित पोखरे के पास बने आंगनबाड़ी भवन के बरामदे में पड़े खून के छींटों के नमूने भी जांच के लिए लिया। पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृतका माधुरी के एक पैर का चप्पल भी मिला। जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पोखरे के आसपास भी पड़ताल की। पुलिस ने मृत किशोरी माधुरी के गुम हुए मोबाइल का नंबर भी लिया है। इस संबंध में सीओ सुनील सिंह ने बताया कि पीड़िता वरिसपाती की तहरीर पर नीबी-दोहनी गांव के टोला राजाड़िहवा में घटना स्थल पर जांच पड़ताल की गई है। परिजनों के बयान के आधार पर आंगनबाड़ी भवन के बरामदे में पड़े खून के छींटों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजा गया है। जिलाधिकारी से अनुमति लेकर माधुरी के शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।