पथरा बाजार। क्षेत्र के एक गांव में कक्षा नौवीं की छात्रा से दुष्कर्म करते हुए ग्रामीणों ने स्कूल के प्रबंधक के बेटे को पकड़ लिया। इसके बाद उसकी पिटाई कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। जबकि दो लोग मौके पर से भागने में सफल हो गए। छात्रा के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया है कि उसकी भतीजी क्षेत्र के ही एक प्राइवेट विद्यालय में कक्षा नौवीं की छात्रा है। एक युवक गुरुवार की रात उसके साथ दुराचार कर रहा था। जिसे लोगों ने देख लिया। इसके बाद उसे पकड़ लिया गया, जबकि साथ में मौजूद अन्य दो युवक बाइक से भाग निकले। ग्रामीणों ने युवक की पिटाई कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। लोगों के मुताबिक युवक उसी स्कूल के प्रबंधक का पुत्र है, जिस स्कूल में छात्रा पढ़ती है। वह स्कूल में शिक्षण कार्य भी करता है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने की बात से इनकार कर रही है। वहीं, इस संबंध में एसओ पथा राजेश कुमार दुबे ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। अभी तक तहरीर नहीं मिली है।