कपिलवस्तु। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित ठकुरापुर गांव में मंगलवार दोपहर छत की बाउंड्री गिरने से सात वर्षीय एक बालिका की मलबे के नीचे दबकर मौत हो गई, जबकि दो लोग जख्मी हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा नमाज अदा करने के लिए जाते समय हुआ है।
क्षेत्र के ठकुरापुर गांव निवासी सहाबुद्दीन की सात वर्षीय बेटी फात्मा, वोमेरा खातून (10) सगी बहनें और मनसा (11) पुत्री नजबुद्दीन मंगलवार को गांव के ही मस्जिद पर नमाज अदा करने जा रही थीं। इस बीच तीनों हैंडपंप पर पानी पीने लगीं। तभी छत की बाउंड्रीवॉल उन पर गिरा गया। हादसे में फात्मा मलबे में दब गई। जब तक लोग निकालते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं वोमरा और मनसा मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों को कपिलवस्तु से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज हो रहा है। वहीं, फात्मा की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उसका पिता कतर में रहता है। कपिलवस्तु कोतवाल रामदरश आर्या ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है और न ही कोई तहरीर मिली है।